Pappu Yadav In Beur Jail: रविवार की शाम पप्पू यादव को दोबारा से पीएमसीएच से बेऊर जेल भेज दिया गया. इस दौरान पूर्णिया सांसद स्ट्रेचर पर लेते नजर आए, जिनके आसपास उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली. उनके समर्थक लगातार नारेबाजी कर रहे थे और कह रहे थे कि ‘पप्पू यादव मत घबराना, हम तुम्हारे साथ हैं, गरीबों का मसीहा जिंदाबाद’. दरअसल 31 साल पुराने मामले में पप्पू यादव के खिलाफ ये कार्रवाई हुई है जहां उनके मंदिरी स्थित आवास से पुलिस ने आधी रात उन्हें गिरफ्तार किया.
पीएमसीएच से बेऊर जेल पहुंचे Pappu Yadav
पीएमसीएच के वार्ड से स्ट्रेचर पर पप्पू यादव को लेटाकर एंबुलेंस पर चढ़ाया गया. इस दौरान पप्पू यादव के समर्थकों के साथ-साथ भारी संख्या में पुलिस की तैनाती रही. आपको बता दें कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और राहुल गांधी भी काफी नाराज है. इसे लेकर कई जगहों पर प्रदर्शन भी किया गया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया गया.
पप्पू यादव के खिलाफ यह कार्रवाई खास तौर पर तब की गई जब वह लगातार नीट छात्रा रेप मामले में अपनी आवाज बुलंद कर रहे थे और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे. इस मामले को लेकर पप्पू यादव ने सरकार और पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था.
गिरफ्तारी के वक्त हुए बेहोश
जब पप्पू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो इस दौरान खराब स्वास्थ्य के चलते वह बेहोश हो गए और उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. हालांकि इसके बाद उन्हें आईजीआईएमएस ले जाया गया फिर वहां से उन्हें पीएमसीएच शिफ्ट किया गया. पीएमसीएच में जांच के बाद उन्हें बेऊर जेल ले जाया गया और वहां कैदी बुक में नाम दर्ज करने के बाद वापस से पप्पू यादव को पीएमसीएच ले जाया गया.
कुछ घंटे तक अस्पताल में उनका इलाज चला, जहां डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरफ फिट घोषित करते हुए अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया. फिर प्रशासन के घेरे में वह बेऊर जेल के लिए निकल चुके हैं. आपको बता दे कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद बिहार की सियासत में एक अलग से चर्चा शुरू हो चुकी है. राहुल गांधी ने इसे लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से यह बताया था कि यह गिरफ्तारी एक राजनीतिक प्रतिशोध है ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराया और दबाया जा सके.








