NEET Student Death: राजधानी पटना के हॉस्टल में जहानाबाद की छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद अब पूरे बिहार भर में इसकी चर्चा तेजी से हो रही है. इस छात्रा के साथ जो हुआ, उस कारण हॉस्टल की अन्य छात्राओं में काफी ज्यादा डर का माहौल पैदा हो गया है. मेडिकल की तैयारी कर रही छात्रा के साथ यौन हिंसा और फिर हत्या हुई, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
इस पूरी घटना ने बाकी छात्राओं के मन में इतना डर पैदा कर दिया कि उन्होंने अब हॉस्टल तक खाली कर दिया है. जब सभी छात्रा अपना सामान लेने परिजन के साथ पहुंची तो पुलिस ने यह कह कर रोक दिया कि हॉस्टल सील है लेकिन बाद में पुलिस की मौजूदगी में ताला खोला गया और सभी को अपना सामान दिया गया.
NEET Student Death: पुलिस की मौजूदगी में खाली हुआ गर्ल्स हॉस्टल
इस पूरी घटना के बाद पुलिस ने शंभू गर्ल्स हॉस्टल को सील कर दिया है, ताकि साक्ष्यों के साथ किसी तरह की कोई छेड़छाड़ ना हो. अब पुलिस और प्रशासन की इस मामले पर पैनी नजर है और हर ओर से जांच चल रही है. आपको बता दें कि जहानाबाद की एक छात्रा चित्रगुप्त नगर इलाके में स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रही थी.
6 जनवरी की रात उसे उसके कमरे में अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया. इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो जाती है जिसे पुलिस और हॉस्टल प्रशासन ने सुसाइड करार देने की कोशिश की लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की बात सामने आई जिसने हर किसी को चौंका दिया.
घटना के बाद परिजनों ने लिया फैसला
शंभू गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा के साथ जो बर्बरता हुई, उसने अब उस हॉस्टल में पढ़ने वाली हर छात्रा के परिजनों को सबक दे दी है, जिस कारण अब वह अपनी बेटी को न केवल उस हॉस्टल बल्कि पटना में ही नहीं रखना चाहते है. लोग इतने ज्यादा डर गए हैं कि अब अपनी बच्ची को लेकर अपने साथ घर जा रहे हैं. उनका कहना है कि अब उनकी बेटी घर पर ही रहकर ऑनलाइन क्लास के जरिए पढ़ाई करेगी.
इस मामले के तूल पकड़ने के बाद सरकार भी एक्शन में आ चुकी है और पटना आईजी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. अब इस पूरे मामले में गहनता से जांच हो रही है और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की बात कही जा रही.
Read Also: Tejashvi Yadav: NEET छात्रा की मौत पर गरजे तेजस्वी, नीतीश सरकार पर जमकर बोला हमला








