Bihar Mausam Update: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. लगातार चल रही पछुआ हवा के कारण अब हल्की ठंड का प्रभाव और बढ़ेगा जहां रात के समय कोहरा और बादल छाए रहने की उम्मीद है. इसका असर पटना सहित आसपास के इलाकों में देखने को मिलेगा. आपको बता दें कि पटना में सुबह कई जगह पर हल्की धुंध नजर आई. हालांकि दिन के समय में मौसम साफ रहेगा और खिली धूप के कारण लोगों को राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने बताया है कि फरवरी के मध्य में ठंड का असर धीरे-धीरे कम होता जाएगा.
Bihar Mausam Update: बारिश को लेकर मौसम विभाग ने किया अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोंभ के सक्रिय होने के कारण आने वाले दिनों में पटना के मौसम में भी बदलाव नजर आ सकता है. इस वक्त जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है. हालांकि इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन 9 फरवरी से तापमान में हल्की गिरावट नजर आ सकती है. तेज पछुआ हवाओं के कारण 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान नीचे जा सकता है. फिलहाल अभी हवा की गति कम है और वातावरण में नमी होने के कारण लोगों को ठंड से राहत मिलती नजर आ रही हैं.
जारी रहेगी कनकनी
पिछले 24 घंटे की बात करें तो सिवान के जीरादेई में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गोपालगंज में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. आज बिहार के अधिकांश हिस्सों में 10 डिग्री सेल्सियस से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच न्यूनतम तापमान रह सकता है. हालांकि सुबह और रात के समय कनकनी का अनुभव जारी रहेगा.
Read Also: Pappu Yadav: नीट छात्रा मामले में कुछ बड़ा करना चाहते थे पप्पू यादव, तभी आधी रात को उठा ले गई पुलिस








