Bihar Weather: हिमालयी क्षेत्र में लगातार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बिहार के अधिकांश हिस्सों में इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है. यही वजह है कि पटना सहित इसके आसपास के इलाके में मौसम में उतार चढ़ाव दिख रहा है. दिन के समय धूप निकलने से लोगों को राहत जरूर मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम लोग ठंड से परेशान है. इसके अलावा पटना में चल रही पछुआ हवा के कारण भी लोगों को ठंड का अनुभव ज्यादा हो रहा है. मौसम विभाग ने रात के समय कोहरे और बादल छाए रहने की संभावना जाहिर की है.
Bihar Weather: मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान और गोपालगंज में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जहां सुबह और रात के समय विजिबिलिटी कम हो सकती है जिससे यातायात बाधित होगा. फिलहाल प्रदेश में कहीं बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह-शाम लोगों को ठंड का आभास होगा. दिन के समय धूप निकलने से मौसम सामान्य रहेगा.
इसके बावजूद भी तापमान में 1 से 3 डिग्री तक उतार- चढ़ाव देखने को मिल सकता है. हालांकि पटना को लेकर मौसम विभाग ने किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं दिया है, लेकिन सुबह के समय कई जगह पर हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. पटना में आज अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
पटना की वायु गुणवत्ता खराब
पश्चिमी विक्षोभ और पछुआ हवाओं का असर लगातार तापमान को नीचे लाने का काम कर रहा है. यही वजह है कि कई जगह पर सुबह के समय कोहरा ज्यादा घना दिख रहा है. पटना में सुबह हल्के से मध्यम स्तर पर कोहरा रहने की संभावना है. जबकि दिन का मौसम साफ रहेगा और खिली धूप रहेगी. आने वाले कुछ दिनों में तापमान में कुछ खास बदलाव नहीं होगा.
वही मौसम विभाग ने धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होने की बात कही है आपको बता दें कि ठंड से लोगों को राहत जरूर मिल रही है लेकिन वायु गुणवत्ता पटना की इस वक्त काफी खराब है. इस वक्त पटना का एक्यूआई 221 दर्ज किया गया है जो गंभीर श्रेणी में माना जाता है.
Read Also: TejPratap Yadav: जयचंदों के खिलाफ कोर्ट जाएंगे तेज प्रताप यादव, पीएम मोदी से भी करेंगे मुलाकात








