Gopalganj News: बिहार के गोपालगंज से एक बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आ रही है, जिसने पल भर में ही एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. एक तेज रफ्तार की स्कूली बस पूरी तरह से अनियंत्रित हो गई जो एक घर की दीवार को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी. अंदर एक हंसता खेलता परिवार पल भर में ही बिखर गया. घर के अंदर खेल रहे दो मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई.
वहीं एक गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल है. मृत बच्चों की पहचान 5 साल के आरिफ और 6 साल की इम्तियाज के रूप में हुई है. इस हादसे के वक्त वहां 7 महीने की गर्भवती महिला भी मौजूद थी, जो काफी गंभीर रूप से घायल है. गोपालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला का इलाज चल रहा था जिनकी स्थिति गंभीर होने के कारण उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
Gopalganj News: पुलिस ने जब्त किया बस
जिन स्थानीय लोगों ने इस घटना को अपनी आंखों से देखा, उन्होंने बताया कि बस काफी तेज रफ्तार से थी और लापरवाही से ड्राइवर इसे चला रहा था. मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है और लोगों में काफी ज्यादा आक्रोश है. पुलिस ने बताया है कि इस मामले की जांच हो रही है और बस चालक की भूमिका की भी जांच होगी. जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
मुआवजे की हुई मांग
बताया जा रहा है कि बस इतनी ज्यादा तेज रफ्तार में थी कि सीधे घर की दीवार से जाकर टकरा गई और ये टक्कर इतनी भयंकर थी कि दीवार का एक बड़ा सा हिस्सा गिर गया और बस सीधे कमरे के अंदर में जाकर घुस गई जहां पर बच्चे खेल रहे थे. इस पूरी घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन ली. बच्चों के परिजन और स्थानीय लोगों ने मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
Read Also: Bihar Vidhansabha: बिहार विधानसभा की छत गिरने से हड़कंप, बाल-बाल बचे स्पीकर और विधायक








