Patna Student Death: पटना एम्स गोलंबर के पास कोचिंग की सातवीं मंजिल से गिरकर 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत हो गई है. परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है. परिवार का दावा है कि तीन युवक उनकी बेटी को कोचिंग के सातवें मंजिल पर ले गए और वहां से नीचे फेंक दिया.
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिसमें यह साफ नजर आ रहा है कि किस तरह लड़की को सातवीं मंजिल से फेंका गया. इस मामले में परिजनों का साफ कहना है इस तरह की घटना इसलिए बढ़ रही है, क्योंकि दोषियों पर सरकार कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है. छात्रा की चाची ने कहा- सरकार बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा तो देती है लेकिन बेटी जब पढ़ने जाती है तो उसके साथ गलत हो जाता है.
Patna Student Death: फुलवारी शरीफ में 12वीं छात्रा की संदिग्ध मौत
इस मामले में सबसे बड़ा आरोप लड़की के पिता ने लगाया है जिन्होंने यह बताया है कि उनकी बेटी के साथ पहले दुष्कर्म और फिर हत्या हुई. इस पूरी घटना के बाद मौके पर पहुंचे सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. इस मामले में सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है, जहां एसआईटी का गठन किया गया, जिसके बाद अब इस मामले की जांच चल रही है. हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है. इसे संदिग्ध मौत मानते हुए पुलिस ने हर एंगल से जांच करना शुरू कर दिया है.
छात्रा के शरीर पर दिखे चोट के निशान
यह हादसा है या हत्या, इस बारे में भी कुछ भी कहा नहीं जा सकता. जांच के बाद ही सच सामने आएगा. छात्रा की उम्र लगभग 16 वर्ष ही बताई जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हालांकि परिजनों का यह आरोप है कि अंतिम संस्कार करने के दौरान उन्हें लड़की के शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान मिले.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक छात्रा का घर कोचिंग से 2 किलोमीटर दूर है और वह पांच भाई बहनों में सबसे छोटी थी. छत से गिरने के बाद उसे आनन-फानन में पटना एम्स लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हालांकि जब यह घटना हुई तो मृतका के भाई को कोचिंग से यह कहकर कॉल किया गया कि आपकी बहन चक्कर खाकर गिर गई है और इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती है.
Read Also: Pappu Yadav: पप्पू यादव को तीनों केस में मिली जमानत, 7 दिन से बेऊर जेल में है सांसद







