Tejashvi Yadav On BJP: सीएम नीतीश कुमार ने खुद ही यह पुष्टि की है कि वह राज्यसभा जाना चाहते हैं. हालांकि पार्टी के कार्यकर्ता उनके फैसले से अभी भी खुश नहीं है. कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार के ऊपर इस फैसले के लिए दबाव बनाया गया है. इसी बीच देखा जाए तो राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashvi Yadav) ने अब इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़ी है.
उन्होंने भाजपा पर सीधा निशाना साधते हुए कहा है कि यह सत्ता परिवर्तन जनता की भावना के खिलाफ है. बीजेपी ने नीतीश कुमार को कुर्सी से हटाने के लिए यह गंदी साजिश की है. इतना ही नहीं अपने बयान में तेजस्वी यादव ने काफी कुछ कहा है.
Tejashvi Yadav ने बीजेपी पर साधा निशाना
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर तेजस्वी यादव (Tejashvi Yadav) ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है और एनडीए के पुराने नारो पर चर्चा की है. उन्होंने कहा- ‘सब जानते हैं कि एनडीए ने चुनाव में ‘2025 से 30 फिर से नीतीश’ का नारा दिया था, लेकिन बीजेपी और उसके साथी चुनाव जीतने के लिए चाल चलने और सिस्टम का इस्तेमाल करना जानते हैं. मैंने तब कहा था कि भाजपा ने नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है और वह उन्हें दोबारा कुर्सी पर नहीं बैठने देंगे.
इतना ही नहीं तेजस्वी ने यह भी दावा किया है कि उन्होंने पहले ही यह भविष्यवाणी की थी कि नीतीश कुमार 6 महीने से ज्यादा मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे’. तेजस्वी आगे कहते हैं कि ‘बीजेपी जिसके साथ भी रही है उसे बर्बाद करती है. फिर उन्होंने कहा कि जब 28 जनवरी 2024 को जदयू ने हमारी पार्टी (राजद) को छोड़ा तो हमने कहा था कि भाजपा उन्हें बर्बाद कर देगी और आज वही हो रहा है.
बीजेपी को चाहिए रबर- स्टैंप मुख्यमंत्री
बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए तेजस्वी (Tejashvi Yadav) ने कहा ‘भाजपा दलित और ओबीसी विरोधी है. बीजेपी बिहार में ऐसा कोई नेता नहीं चाहते जो ओबीसी या दलित के लिए बोले. वह सिर्फ एक रबर स्टैंप मुख्यमंत्री चाहते हैं, जिसे वह दिल्ली से कंट्रोल कर सके. यह सत्ता परिवर्तन लोगों के साथ धोखा है’. इस तीखे हमले के बीच तेजस्वी ने नीतीश कुमार के लिए हमदर्दी भी जताई है और कहा है कि हमने उनके साथ काम किया है. हालांकि हम ज्यादातर समय अपोजिशन में थे लेकिन उन्होंने बिहार की जो सेवा की है, उसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं.








