Patna School Closed: बिहार विधानसभा चुनाव की काउंटिंग को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है. राजधानी पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि काउंटिंग के दौरान किसी तरह की कोई घटना ना हो. इसी बीच देखा जाए तो पटना जिलाधिकारी और निर्वाचन पदाधिकारी त्याग राजन एसएम ने सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 14 नवंबर को बंद करने का आदेश दिया है, ताकि मतगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से हो और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे. यही वजह है कि पटना के सभी स्कूल बंद रहेंगे.
Patna School Closed: 12वीं कक्षा तक बंद रहेंगे स्कूल
सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी देते हुए बताया गया है कि सभी 14 निर्वाचन क्षेत्र के लिए 14 नवंबर को सुबह 8:00 से एएन कॉलेज में मतगणना होनी है जिस कारण पटना जिले के सभी विद्यालयों को 14 नवंबर को 12वीं कक्षा तक पठन पाठन स्थगित रहेगा. यह अवकाश केवल एक दिन के लिए लागू किया गया है. 12वीं कक्षा तक के सभी निजी और सरकारी स्कूल पर यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा.
पुलिस प्रशासन का है कड़ा पहरा
इस बार मतगणना के लिए पटना के एएन कॉलेज को चुना गया है जिसके चारो तरफ सुरक्षा का पहरा है. इतना ही नहीं मतगणना केद्रों के आसपास आम लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है. राजधानी में काउंटिंग को लेकर सभी चौक चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती है और चप्पे-चप्पे पर प्रशासन की कड़ी निगरानी है. मतगणना स्थल पर चार एसपी समेत 8 डीएसपी और 500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है.








