Bihar Chunav Counting: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे से पहले ही बिहार में सियासी हलचल तेज हो चुकी है. हर किसी को बड़े ही बेसब्री से रिजल्ट का इंतजार है. इस बार देखा जाए तो महा गठबंधन और एनडीए में कडी़ टक्कर देखने को मिल रही है. हालांकि एग्जिट पोल के मुताबिक एक बार फिर बिहार में एनडीए जीत हासिल करती नजर आ रही है, लेकिन बिहार का अगला मुखिया कौन होगा, यह 14 नवंबर को स्पष्ट हो जाएगा.
आपको बता दें कि 14 नवंबर को पटना के एएन कॉलेज में काउंटिंग होनी है जिससे पहले राष्ट्रीय जनता दल ने अब खुली चेतावनी दे दी है. दरअसल पार्टी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने एक प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से बहुत बड़ा बयान दिया है जो काफी चर्चा में आ चुका है.
Bihar Chunav Counting: काउंटिंग से पहले राजद ने दी खुली चेतावनी
एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह कहा कि अगर चुनाव में इस बार गड़बड़ी हुई तो बिहार की सड़कों पर वो होगा जो कभी नहीं हुआ. उन्होंने कहा अगर काउंटिंग में गड़बड़ी हुई तो या तो उम्मीदवार बाहर आएगा या फिर अधिकारी ही बाहर आएगा. इसलिए अधिकारी ध्यान दें कि कोई भी गड़बड़ी न हो. रिटर्निंग ऑफिसर गलत ना करें. अधिकारी हारने वाले उम्मीदवारों को जीताने की कोशिश कर रहे हैं.
एग्जिट पोल पर निशाना साधते हुए सुनील कुमार सिंह ने कहा कि 11 नवंबर को मतदान के बाद से ही एग्जिट पोल आना शुरू हो गया था. ऐसा लग रहा है जैसे एक ही बस से सब लोग उतरे और एनडीए को वोट दिया. अगर इस बार मतगणना में गड़बड़ी हुई तो बिहार में ऐसी तस्वीर नजर आएगी जो कभी किसी ने नहीं देखा होगा. सुनील कुमार सिंह के मुताबिक जब कुछ मतदाता वोट देने के लिए लाइन में ही लगे थे, तभी एग्जिट पोल एनडीए के पक्ष में आना शुरू हो गया था.
बिहार को नेपाल और बांग्लादेश जैसा ना बनाएं
आगे एनडीए पर हमला करते हुए एमएलसी ने कहा कि जब 4 करोड़ 98 लाख वोट दिया गया है तो राजद को 50 से कम सीट कैसे मिल रही है. यह बिहार की जनता को भी हैरान कर देने वाला है कि वोट महा गठबंधन को मिल रहा तो एनडीए कैसे जीत रहा है. आगे उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की विजन और घोषणा को हर पंचायत हर बूथ पर देखा जा रहा था.
इस बार बिहार की जनता जाग चुकी है. बिहार को नेपाल और बांग्लादेश नहीं बनाए. हाथ जोड़कर आगे उन्होंने कहा कि हाथ जोड़कर विनती है कि गलती ना करें वरना बिहार में नेपाल, बांग्लादेश जैसा नजारा देखने को मिलेगा.








