Nitish Kumar Social Media Post: सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के राज्यसभा जाने को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं के बीच भारी हंगामा देखने को मिला लेकिन नीतीश कुमार ने अब इसे लेकर स्पष्ट कर दिया है कि वह राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगे. 2 दिनों से बिहार में चल रही अटकलों पर अब विराम लगा दिया है. नीतीश कुमार ने कहा राज्यसभा का सदस्य बनने की उनकी खुद की इच्छा है. इसके साथ ही बिहार में जो नई सरकार बनेगी उसे नीतीश कुमार ने पूर्ण रूप से सहयोग और मार्गदर्शन देने की बात कही है.
Nitish Kumar ने किया ये पोस्ट
सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (Nitish Kumar Social Media Post) के माध्यम से एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखा है. इसमें उन्होंने कहा- ‘पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास व समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है और उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है. आपका विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार राज्य विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है. इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया’.
आगे नीतीश कुमार ने लिखा कि ‘संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं. मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा व आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा. जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा’.
बिहार में जारी है सियासी उलटफेर
आपको बता दें कि पिछले 21 साल से नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री है. बीते कई घंटे से सीएम हाउस के बाहर जदयू कार्यकर्ताओं का भयंकर विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. इसी क्रम में सीएम हाउस के चारों ओर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कार्यकर्ताओं की एंट्री पर रोक लगा दी गई है. सीएम हाउस के बाहर नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे हैं.
कार्यकर्ताओं का यह कहना है कि नीतीश कुमार के खिलाफ यह साजिश रची जा रही है ताकि उन्हें बिहार से बाहर भेजा जा सके, लेकिन अपने सोशल मीडिया के माध्यम से नीतीश कुमार ने सब कुछ स्पष्ट कर दिया है. ऐसे में यह तय है कि अगर नीतीश कुमार बिहार की सियासत से निकलकर दिल्ली जाते हैं तो फिर पावर का समीकरण पूरी तरह से बदल जाएगा.
Read Also: Nitish Kumar: सीएम हाउस के बाहर भयंकर बवाल, नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने का विरोध








