Bihar Weather Update: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कभी तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो कभी अचानक आंधी और बारिश राहत दे रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के करीब 20 जिलों के लिए आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खासकर उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है, जबकि दक्षिण और पश्चिमी हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है।
Bihar Weather Update: मार्च में ही तेज गर्मी से लोग परेशान
सोमवार को पूरे राज्य में तेज धूप और गर्मी ने लोगों को काफी परेशान किया। कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। नालंदा के राजगीर में अधिकतम तापमान 37.6°C दर्ज किया गया, जो इस सीजन में अब तक का ऊंचा स्तर माना जा रहा है। वहीं कैमूर और सासाराम में 37.4°C, गया में 36.6°C और पटना में करीब 35.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। मार्च के महीने में ही इतनी गर्मी ने लोगों को आने वाले दिनों की चिंता बढ़ा दी है।
किशनगंज और अररिया में बारिश-ओलावृष्टि
हालांकि दिनभर की गर्मी के बाद शाम होते-होते मौसम ने करवट ले ली। किशनगंज और अररिया में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे अचानक ठंडक महसूस होने लगी। वहीं पटना, मधुबनी, रक्सौल और बगहा समेत कई इलाकों में तेज आंधी चली और बादल छाए रहे। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अनुमान है कि 20 से 22 मार्च के बीच राज्य के कई जिलों में फिर से बारिश का दौर तेज हो सकता है।
मार्च के अंत से बढ़ेगी गर्मी, अप्रैल में लू के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक हफ्ते तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। हालांकि मार्च के अंतिम सप्ताह से तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। अनुमान है कि अप्रैल के पहले सप्ताह तक बिहार के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है, जिससे लू जैसी स्थिति बनने की संभावना है। फिलहाल लोगों को मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच सतर्क रहने और तेज आंधी या वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।








