Pappu Yadav Bail Hearing: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को जिस 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, उस मामले में सुनवाई के दौरान एमपी- एमएलए की विशेष अदालत ने उन्हें जमानत दे दी है. इसके बावजूद भी पप्पू यादव अभी जेल से बाहर नहीं आएंगे और उन्हें बेऊर जेल में ही रहना पड़ेगा. इसकी वजह यह है कि उन्हें एक दूसरे मामले में रिमांड पर ले लिया गया है. यानी कि जब तक इस मामले में सुनवाई नहीं होती है, तब तक पप्पू यादव को अभी जेल में ही रहना पड़ेगा.
जमानत के बाद भी जेल में रहेंगे Pappu Yadav
दरअसल पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार की आधी रात को समर्थकों की पुलिस के साथ नोक झोक हो गई थी जिसके बाद पटना के बुद्धा कॉलोनी थाने में उनके खिलाफ अलग से एफआईआर दर्ज किया गया. इस मामले में पप्पू यादव को रिमांड पर लिया गया है. बुधवार को पटना के एमपी- एमएलए कोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई होनी है यानी कि अभी उन्हें कम से कम एक और रात बेऊर जेल में गुजारनी पड़ेगी.
आधी रात गिरफ्तार हुए सांसद
आपको बता दें कि पटना के गर्दनीबाग थाने में दर्ज 31 साल पुराने मामले में वारंट जारी होने के बाद आधी रात को पप्पू यादव के मंदिरी स्थित आवास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उनकी गिरफ्तारी के बाद लगभग ढाई घंटे तक हंगामा चलता रहा. सांसद और उनके समर्थकों ने पुलिस का भारी विरोध भी किया. इसके बावजूद भी उन्हें गिरफ्तार कर आईजीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें रात भर रखा गया.
फिर उनके स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए सुबह पीएमसीएच में मेडिकल जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें 2 दिन के न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. इससे पहले सोमवार को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी थी लेकिन पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी के कारण सुनवाई टल गई.








