Patna Civil Court Threat News: ये चार दिन में तीसरी बार है जब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. जब से सम्राट चौधरी ने गृह विभाग संभाला है तब से लगातार यह देखा जा रहा है कि कोर्ट को धमकी देने की घटना सामने आ रही है और अब इसमें इजाफा होता जा रहा है. बीते चार दिनों में ऐसा तीसरी बार हुआ.
फिर से गुरुवार 12 फरवरी को सुबह-सुबह ही सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच चुका हैं. सूचना मिलने के तुरंत बाद कोर्ट परिसर को पूरी तरह से खाली कराया गया, जहां अंदर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तीनों गेट बंद कर दिए और किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने से रोका.
Patna Civil Court को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी
दरअसल एक अनजान व्यक्ति ने फोन कॉल के माध्यम से पूरे भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी. जैसे ही यह जानकारी मिली पीरबहोर थाने की पुलिस बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम वहां पहुंची. हालांकि जांच के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन पुलिस यह जांच करने में जुटी हुई है कि आखिर कॉल कहां से और किसने किया.
बार-बार इस तरह धमकी भरे मैसेज मिलने के बाद कोर्ट का कामकाज काफी प्रभावित हो रहा है, जिससे वकीलों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. वकीलों का कहना है कि यह एक रूटीन बन गया है. आज डिजिटल के युग में भी पुलिस उस आरोपी तक नहीं पहुंच पा रही है.
सात बार मिल चुकी है धमकी
अभी तक पटना सिविल कोर्ट को सात बार बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है, लेकिन पटना पुलिस ने इस मामले में अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है. इस सप्ताह लगातार तीसरी बार यह घटना हुई, फिर भी पुलिस खाली हाथ है. सबसे हैरानी की बात यह है कि सोमवार और बुधवार को जब पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई होनी थी, इस दौरान दोनों ही दिन यह धमकी भरा मैसेज प्राप्त हुआ, जिसने अब पुलिस प्रशासन के कार्य शैली पर भी सवाल उठने शुरू कर दिए हैं.
Read Also: Bihar Weather: फरवरी में ही 28 डिग्री तक पहुंच पारा, समय से पहले गर्मी को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट








