Nitish Kumar Meet Deputy CM: बिहार की राजनीति इस वक्त एक अलग ही संकेत दे रही है, जिस कारण राजनीतिक गलियारों में हलचल है. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) जो राज्यसभा जा चुके हैं, वह अचानक अपने पार्टी के वरिष्ठ नेता और डिप्टी सीएम विजय चौधरी के आवास पर पहुंचते हैं और कैबिनेट की एक-एक जानकारी देने की बात कहते हैं.
वहीं दूसरी ओर विजय सिंहा जिन्हें हाल ही में कृषि मंत्री बनाया गया है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करते हैं. जबकि पहले से ही दिल्ली में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपना डेरा बनाया हुआ है. ये चर्चा उठना लाजिमी है कि क्या बिहार एनडीए में सब कुछ सामान्य है या फिर कोई नई खिचड़ी पक रही है.
Nitish Kumar को चाहिए कैबिनेट रिपोर्ट
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही कैबिनेट विस्तार हुआ लेकिन उनके कैबिनेट का कोई भी मंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) से मार्गदर्शन नहीं ले रहा है. शायद यही वजह है कि पूर्व सीएम की छटपटाहट नजर आ रही है. इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि डिप्टी सीएम से मिलने के दौरान नीतीश कुमार यह कहते हैं कि शाम को घर जाकर एक-एक चीज बताइएगा कि कैबिनेट में क्या चल रहा है. इसके अलावा नीतीश कुमार जदयू कार्यालय भी पहुंचे और लगभग 15 मिनट का समय उन्होंने वहां बिताया.
बिहार एनडीए में चल रही खटपट?
नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने डिप्टी सीएम से रिपोर्ट मांगा तो सियासी गलियारे में एक अलग ही चर्चा उठ गई. एक कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि आखिर ऐसी क्या वजह हुई कि नीतीश कुमार को अचानक अपने डिप्टी सीएम से उनके आवास पर जाकर मिलना पड़ा… क्या वाकई में विधान परिषद चुनाव और उपचुनाव को लेकर एनडीए में किसी तरह की खींचातानी चल रही है या फिर बिहार में कोई बड़ा राजनीतिक बदलाव होने वाला है. इस बारे में अभी कुछ भी स्थिति स्पष्ट नजर नहीं आ रही है.
Read Also: Bihar Weather: बिहार में फिर बरसेगी कहर, 20 जिलों में आंधी- बारिश का अलर्ट जारी








