Patna Weather: राजधानी वासियों को अब भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है, क्योंकि अचानक मौसम बदल सकता है. राजधानी पटना समेत आसपास के इलाकों में प्री मानसून गतिविधियां सक्रिय नजर आ रही है. इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पटना (Patna Weather) समेत आसपास के इलाको में तेज आंधी- बारिश और ठनका गिरने की संभावना है.
कई जगह ऐसी है जहां पर मूसलाधार बारिश भी हो सकती है. पटना के आसपास के इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिसे लेकर मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
Patna Weather: पटना में मानसून का आगमन
25 मई से ही पटना (Patna Weather) सहित पूरे बिहार में नौतपा का कहर देखने को मिल रहा था, जिस कारण लोग काफी ज्यादा परेशान थे. लेकिन अचानक मौसम बदलने के कारण लोगों ने राहत की सांस ली है. पटना का तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था और गर्म हवाओं के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया था, लेकिन अब मौसम में बदलाव के कारण तापमान नीचे आया है और लोगों को हल्की ठंड हवा का अनुभव हो रहा है.
आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के साथ तेज गर्जन और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. साथ ही साथ कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है. ऐसे में मौसम विभाग ने आंधी- बारिश के दौरान खुले स्थान, पेड़ तथा बिजली के खंभों के आसपास नहीं जाने को कहा है. आज पटना का न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.








