Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले नवादा से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। राजद (RJD) नेता और मुखिया पति अवधेश महतो की गाड़ी पर देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें लगभग 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह मामला नवादा जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र के पाचंबा गांव का है। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है, जब अज्ञात हमलावरों ने अवधेश महतो की गाड़ी को निशाना बनाया। गाड़ी पर गोलियों की बौछार से शीशे और बॉडी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि अवधेश महतो खुद गाड़ी में मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ी जानलेवा वारदात टल गई।
Bihar Election 2025: फायरिंग से दहशत, गांव में तनाव का माहौल
हमले की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। रात भर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और गांव के लोगों ने सुरक्षा की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की गई। अवधेश महतो ने इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कादिरगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि “अगर 10 दिनों में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो नवादा में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।”
बैठक में उठी गुस्से की लहर
घटना के बाद रविवार को पचोहिया गांव में एक बैठक बुलाई गई। इस बैठक में राजद प्रत्याशी कौशल यादव और अवधेश महतो दोनों मौजूद थे। बैठक में ग्रामीणों ने हमले की कड़ी निंदा की और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। कौशल यादव ने कहा “अगर अवधेश महतो गाड़ी में होते, तो आज कोई बड़ी घटना हो सकती थी।
यह हमला चुनावी माहौल को बिगाड़ने की साजिश है।”
हमले के पीछे NDA नेताओं का हाथ
अवधेश महतो ने इस हमले को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा यह हमला एनडीए नेताओं के इशारे पर हुआ है। अगर चुनाव प्रचार के दौरान मेरी हत्या होती है, तो इसके पीछे एनडीए के नेताओं का ही हाथ होगा।उन्होंने कहा कि वे पूर्णिमा यादव (RJD प्रत्याशी, गोविंदपुर) के प्रमुख कार्यकर्ता हैं और कुशवाहा समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिससे विरोधी दल बौखलाए हुए हैं।
नवादा डीएसपी हुलास कुमार ने पुष्टि की है कि अवधेश महतो की गाड़ी पर फायरिंग की शिकायत दर्ज की गई है। उन्होंने कहा गाड़ी को जब्त कर लिया गया है, फॉरेंसिक जांच जारी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। लिस के मुताबिक, गोलीबारी किस हथियार से की गई, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
चुनावी तनाव के बीच बढ़ी सुरक्षा चिंता
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब दूसरे चरण का मतदान शुरू होने से पहले राजनीतिक माहौल अपने चरम पर है। पिछले कुछ दिनों में कई प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकती है, खासकर नवादा और आसपास के इलाकों में।
नवादा में हुई यह गोलीबारी बिहार चुनाव 2025 के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक गंभीर सवाल खड़ा करती है। राजद नेता अवधेश महतो की गाड़ी पर चला गोलियों का यह हमला न केवल राजनीतिक रूप से संवेदनशील है बल्कि प्रशासनिक सतर्कता की भी परीक्षा है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस कितनी जल्दी हमलावरों को पकड़ पाती है और इस वारदात के पीछे कौन है।








